दिल्ली की राजनीति में कौन है सच्चा? कौन है झूठा?, जानें दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पर लगे आरोपों की क्या है सच्चाई?
सवाल- दिल्ली के डिप्टी सीएम पर लगे आरोपों में कितनी सच्चाई है?
सवाल- CBI की छापेमारी पर 'आप' क्यों बौखलाई हुई है?
सवाल- अगर सिसोदिया बेकसूर है तो आप के नेता ज़हर क्यों उगल रहे है?
सवाल- अगर बीजेपी के पास सिसोदिया के खिलाफ सबूत है बीजेपी पेश क्यों नहीं करती है?
सवाल- कहीं आप और बीजेपी का अपने फायदे के लिए तो सियासत नहीं कर रहीं हैं?
'आप' और बीजेपी के बीच घमासान
आप और बीजेपी के बीच जुबानी जंग क्यों छिड़ी हुई है अब इस विषय पर बात करते है। दिल्ली में शराब घोटाले मामले में सीबीआई ने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत 14 लोगों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। सर्कुलर में उन आरोपियों के नाम हैं, जिनके खिलाफ सीबीआई ने एफआईआर दर्ज की है। हालांकि इसमें मुंबई की एंटरटनेमेंट इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के सीईओ विजय नायर का नाम शामिल नहीं है।
दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने शनिवार को अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरफ्तारी की आशंका जताई थी। सिसोदिया ने कहा था कि "केंद्र सरकार दिल्ली में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए बड़े कामों पर ब्रेक लगाना चाहती है, इसीलिए हो सकता है कि 2-4 दिन में मुझे गिरफ्तार कर लिया जाए"। इस बीच सीबीआई ने सिसोदिया समेत 14 लोगों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। यह लुकआउट सर्कुलर सिसोदिया के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि अब यह लोग देश छोड़कर बाहर नहीं जा सकेंगे अगर इन्होंने ऐसा करने की कोशिश की तो उन्हें हिरासत में भी लिया जा सकता है।सीबीआई द्वारा सर्कुलर जारी किए जाने के बाद मनीष सिसोदिया ने पीएम मोदी का एक वीडियो ट्वीट किया है।उसके साथ ही उन्होंने लिखा, "माना कि धीरे धीरे तो, मौसम भी बदलते रहते हैं, आपकी रफ़्तार से तो, हवाएं भी हैरान हैं साहब।"
CBI की FIR में 15 लोग
1- मनीष सिसोदिया, डिप्टी सीएम, दिल्ली
2- आर्व गोपी कृष्ण, तत्कालीन एक्साइज कमिश्नर
3- आनंद तिवारी, एक्साइज डिप्टी कमिश्नर
4- पंकज भटनागर, असिस्टेंट एक्साइज कमिश्नर
5- विजय नैयर, CEO, एंटरटेनमेंट इवेंट मैनेजमेंट कंपनी, मुंबई
6- मनोज राय, पूर्व कर्मचारी, पेर्नोड रेकोर्ड
7- अमनदीप ढाल, डायरेक्टर, ब्रिंडको सेल्स प्राइवेट लिमिटेड, महारानी बाग
8- समीर महेंद्रु, मैनेजिंग डायरेक्टर, इंडोस्प्रिट ग्रुप, जोरबाग
9- अमित अरोड़ा, बडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड, डिफेंस कॉलोनी
10- बडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड
11- दिनेश अरोड़ा, गुजरावाला टाउन, दिल्ली
12- महादेव लिकर, ओखला इंडस्ट्रियल एरिया
13- सनी मारवाह, महादेव लिकर
14- अरुण रामचंद्र पिल्लई, बंगलुरु, कर्नाटक
15- अर्जुन पांडेय, गुरुग्राम फेस-3, डीएलएफ
नोटिस में नहीं है विजय नायर का नाम
सीबीआई द्वारा जारी किए गए सर्कुलर में मुंबई की एंटरटनेमेंट इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के सीईओ विजय नायर का नाम शामिल नहीं है। दरअसल विजय नायर अपने निजी कामों से अभी देश के बाहर हैं। शनिवार को नायर ने बयान जारी कर कहा था कि "शुक्रवार को मुंबई में मेरे घर पर छापा मारा गया। मैंने अपने आवास पर मौजूद सीबीआई अधिकारी से फोन पर बात की। मैंने उससे पूछा कि क्या मुझे आने की जरूरत है। उसने मुझे बताया कि आलोक नाम का कोई सीबीआई अधिकारी मुझसे संपर्क करेगा और मुझे सूचित करेगा कि कब और कहां रिपोर्ट करना है। मुझे न तो कोई नोटिस मिला है और न ही आलोक की ओर से कोई कॉल आया है। यह कहना गलत है कि मैं फरार हूं। सीबीआई के नोटिस पर मैं पूरा सहयोग करूंगा"।
घोटालों को लेकर कपिल मिश्रा की जनसभा
दिल्ली में शराब घोटाले को लेकर बीजेपी नेता कपिल मिश्रा लगातार आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर हमलावर हैं। उन्होंने ट्वीट किया था कि "दिल्ली में घोटालों को लेकर दिल्ली में 100 सभाएं करूंगा। केजरीवाल, सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के घोटालों पर दिल्ली में जन सभाएं और नुक्कड़ सभाएं शुरू कर रहा हूं। ऐसी 100 सभाएं पूरी दिल्ली में करेंगे। दिल्ली की जनता से चोरी करने वाले केजरीवाल गैंग को माफ नहीं किया जाएगा।"
BJP के 'आप' पर जुबानी तीर
इस बीच बीजेपी ने आम आदमी पार्टी, सिसोदिया और सीएम केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने मनीष सिसोदिया को लेकर अरविंद केजरीवाल सरकार पर हमला बोला है। आदेश गुप्ता ने रविवार को कहा, ''स्वतंत्र भारत में पहली बार देखा जाता है कि शिक्षा मंत्री शराब मंत्री हैं।'' प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए आदेश गुप्ता ने "दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को 'पापपूर्ण, भ्रष्ट और अत्याचारी नीति' बताया।"
आदेश गुप्ता ने सिसोदिया का नाम लेते हुए कहा कि "लुकआउट नोटिस ऐसे आदमी को दिया जाता है कि जो आपराधिक मामले और भ्रष्टाचार में शामिल हो ताकि वह देश से भाग न जाए।" उन्होंने मनीष सिसोदिया और कथित घोटाले की आबकारी नीति पर सवाल उठाते हुए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल निशाना साधा और कहा, ''आपने जो घोटाला किया है, उसके लिए आपको लुकआउट सर्कुलर दिया जाएगा, न कि ग्रीटिंग कार्ड।'' वहीं आदेश गुप्ता ने शुक्रवार को कहा था कि "सिसोदिया, जो 16 नवंबर 2021 को दिल्ली की नई आबकारी नीति के फायदे गिनाकर प्रशंसा कर रहे थे, नौ महीने बाद 6 अगस्त को उन्होंने अपने शब्द वापस ले लिए थे और कहा था कि इस नीति के कारण दिल्ली के राजस्व को घाटा हुआ।"
बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने कहा कि "देश में अगर सबसे बड़ा कोई भ्रष्टाचारी है, तो अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी है। अगर इनकी आबकारी नीति सही थी तो वापस क्यों ली गई। जिस समय दिल्ली में कोरोना की लहर थी, उस समय केजरीवाल आबकारी नीति पर साइन कर रहे थे। लोग कह रहे हैं कि जिसने भी दिल्ली को ठगा है, वो अरविंद केजरीवाल का सगा है।"
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के जरिए अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि "भले ही सीबीआई ने शराब नीति के तहत मनीष सिसोदिया को भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी बनाया गया हो लेकिन इस घोटाले के मुख्य साजिशकर्ता सीएम अरविंद केजरीवाल हैं"। साथ ही उन्होंने कहा, "मनीष सिसोदिया को शायद अब अपने नाम की स्पेलिंग भी बदल लेकिन चाहिए। उनका नाम मनीष के बजाय MONEY SHH होने चाहिए"। अनुराग ठाकुर ने कहा, "शराब घोटाले के नंबर वन आरोपी मनीष सिसोदिया (दिल्ली के उप मुख्यमंत्री और आप नेता) हैं, लेकिन मास्टरमाइंड अरविंद केजरीवाल (दिल्ली सीएम) हैं"।
'आप' नेता संजय सिंह का पलटवार
लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद आप सांसद और पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा डिप्टी सीएम मनीष के नाम को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार किया। संजय सिंह ने कहा कि "उनका नाम बदलने से पहले सिसोदिया के खानदान के बारे में जानना चाहिए"। उन्होंने सिसोदिया को महाराणा प्रताप का वशंज बताया। वहीं गुजरात के आप नेता इसुदान गढ़वी ने भी इसको लेकर ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि "महाराणा प्रताप के वंशज मनीष सिसोदिया को झूठे आरोप में भाजपा परेशान कर रही है जिसके चलते गुजरात के राजपूत युवाओं में बहुत ही रोष जगा है। अगले कुछ दिनो में 5000 से अधिक राजपूत युवा आप में शामिल होंगे।"
आप नेता संजय सिंह ने बीजेपी के हमलावर रुख पर पलटवार किया है। संजय ने कहा कि "US के राष्ट्रपति की पत्नी आती हैं तो दिल्ली सरकार का स्कूल देखने जाती हैं। उस मनीष सिसोदिया के खिलाफ मोदी सरकार ने लुक आउट नोटिस जारी किया है। ये मोदी सरकार की हताशा और निराशा का परिणाम है। 14 घंटे की रेड में कुछ नहीं मिला तो अब ये नोटिस जारी किया। मोदी और उनके मूर्खों, मनीष कैबिनेट मंत्री हैं, कहीं भी विदेश जाने के लिए केंद्र से परमिशन लेना होता है। हम इन सबसे डरने वाले नहीं है। अपना अच्छा काम जारी रखेंगे।"
उन्होंने पूछा है कि "सरकार द्वारा लुकआउट नोटिस किस कारण से जारी की गई, लुकआउट नोटिस जारी करने के पीछे की वजह है? उन्होंने आगे कहा कि "मैं तो यह समझता हूं कि नरेंद्र मोदी की सरकार हताश, निराश प्रतीत होती है। इतनी हताशा कि 14 घंटे छापा मरवाए मनीष सिसोदिया के घर पर। सारी जांच करा ली कोई संपत्ति नहीं मिली, कोई रुपये की बरामदगी नहीं हुई, और कोई संपत्ति से जुड़ा कागज नहीं मिला। देश के 31 ठिकनों पर छापामारी की। अब मोदी जी के पास बताने के लिए कुछ नहीं है।"
संजय सिंह ने कहा कि "भाजपा की बंदर घुड़की से न आम आदमी पार्टी डरने वाली है, न अरविंद केजरीवाल डरने वाले हैं और न मनीष सिसोदिया। और न ही शिक्षा और स्वास्थ्य का मॉडल रुकने वाला है"। भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि "उन्होंने अपने दोस्तों का पांच लाख करोड़ का टैक्स माफ कर दिया"। इस दौरान उन्होंने व्यापम घोटाला, माइनिंग घोटला समेत अन्य घोटाला का जिक्र कर भाजपा पर करारा प्रहार किया।
दिल्ली शराब घोटाले में मनीष सिसोदिया के खिलाफ सीबीआई लुक आउट नोटिस को लेकर आप नेता भड़के हुए दिखाई दे रहे हैं। अपने शिक्षा मंत्री के बचाव सीएम केजरीवाल से लेकर संजय सिंह तक मैदान में उतर चुके हैं और इस नोटिस के लिए मोदी सरकार की जमकर आलोचना की जा रहीं हैं। फिलहाल अब यह देखना होगा कि दिल्ली में छिड़ी जंग में बीजेपी के धुरंधर आप पर लगाएं आरोपों को साबित कर पाते है या फिर आप के नेता मनीष सिसोदिया पर लगाएं गए आरोपों को नौटंकी साबित करने में कामयाब हो पाएंगे।
Comments